IAF के मार्शल अर्जन सिंह का निधन

भारतीय वायु सेना (IAF) के मार्शल और 5 स्टार रैंक प्राप्त अर्जन सिंह का 16 सितम्बर 2017 को दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। 98 वर्षीय अर्जन गंभीर रूप से बीमार थे। भारतीय सेना के लिए मिसाल माने जाने वाले सिंह ने 1965 में सबसे युवा वायु सेना प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय उनकी आयु महज 44 वर्ष थी। पाकिस्तान के साथ 1965 की लड़ाई में उन्होंने वायु सेना की अगुआई की और दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए। पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में उनकी भूमिका के बाद वायु सेना प्रमुख के रैंक को बढ़ाकर पहली बार एयर चीफ मार्शल किया गया। इससे पहले तक वायु सेना प्रमुख को चीफ ऑफ़ द एयर फोर्स स्टाफ कहा जाता था।
उन्हें नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया। किसान-पुत्र होने के कारण उनको देश की मिट्टी से अथाह प्रेम था। उन्होंने अपनी मेहनत, कर्तव्य परायणता और देश भक्ति के जज़्बे से भारतीय वायु सेना को सफलता के शिखर पर पहुंचाया। भारतीय सेनाओं के ग्रैंड-ओल्ड मैन कहे जाने वाले अर्जन सिंह अब हमारे बीच भले ही नहीं हैं, लेकिन देश के करोड़ों नौजवानों के लिए वो हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

0 comments:

Post a Comment